नई दिल्ली, 06 दिसंबर, 2025: इंडिगो एयरलाइंस संकट के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआई) ने एक एडवायजरी जारी करते हुए यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया है कि इंडिगो की उड़ान सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रही हैं, जबकि एक दिन पहले 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस ज़रूर चेक कर लें।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों को लेकर इंडिगो के क्रू मैनेजमेंट में बड़ी कमी रह गई, जिसके कारण इतनी बड़ी अव्यवस्था हुई। मंत्री ने इसे इंडिगो टीम की मैनेजमेंट विफलता बताया। यात्रियों को राहत देने के लिए DGCA ने इंडिगो को पायलटों की नाइट ड्यूटी से जुड़े नए नियमों में 10 फरवरी 2026 तक की एक बार की अस्थायी छूट दी है।
एयरलाइंस पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA) ने सुरक्षा नियमों में ढिलाई देने के DGCA के इस फैसले पर एतराज जताया है, जिसे उन्होंने एक खतरनाक उदाहरण बताया। इंडिगो देश के एयर ट्रैफिक में 63% हिस्सेदारी रखती है। केंद्र ने इंडिगो मैनेजमेंट को यात्रियों को तुरंत रिफंड देने और भविष्य में ऐसी गड़बड़ी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया है।

