उत्तरी सीरिया में अंतरिम सरकार, एसडीएफ़ के बीच फिर शुरू हुईं झड़पें

दमिश्क, 18 जनवरी (वार्ता) सीरिया के उत्तर-पश्चिम में मौजूद अलेप्पो और रक्का में सीरिया के अंतरिम प्रशासन और कुर्द नेतृत्व वाले सीरियाई लोकतांत्रिक बलो (एसडीएफ) के बीच सैन्य तनाव अचानक बढ़ गया है। एक दिन पहले घोषित वापसी समझौते के बावजूद दोनों पक्षों के बीच भीषण झड़पें शुरू हो गयी हैं।

दिन की शुरुआत पूर्वी अलेप्पो के ग्रामीण इलाकों में फिर से शुरू हुई लड़ाई के साथ हुई। एसडीएफ ने सीरियाई सेना पर आरोप लगाया कि वह 48 घंटे की वापसी अवधि समाप्त होने से पहले ही देर हाफ़र और मस्कानह शहरों में दाखिल हो गयी। दूसरी ओर, सीरियाई सेना ने कहा कि उसने समझौते के उल्लंघन और अपने दो सैनिकों की हत्या के बाद क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिये तैनाती की है। जैसे-जैसे टकराव बढ़ा, सीरियाई सुरक्षा बलों ने पूर्वी अलेप्पो से आगे रक्का प्रांत की ओर बढ़ने की घोषणा की और फुरात नदी के पश्चिम के सभी क्षेत्रों को बंद सैन्य क्षेत्र घोषित कर दिया। सरकारी मीडिया के अनुसार, सेना ने तबका के पास सफ़यान और अल-सौरा तेल क्षेत्रों सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों और कस्बों पर कब्जा कर लिया है और सैन्य हवाई अड्डे की घेराबंदी शुरू कर दी है।

एसडीएफ ने इन दावों को खारिज कर दिया कि रक्का प्रांत वापसी समझौते के दायरे में था। उनका कहना है कि समझौता केवल देर हाफ़र और मस्कानह के लिए था। एसडीएफ ने रक्का में पूर्ण कर्फ्यू लागू कर दिया है और चेतावनी दी है कि इस तनाव से इस्लामिक स्टेट के कैदियों वाली जेलों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

तनाव शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही एसडीएफ कमांडर मजलूम आब्दी ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों की अपील पर उनकी सेनाएं शनिवार सुबह से फुरात के पूर्व से हटने लगेंगी। एसडीएफ और सीरियाई अंतरिम अधिकारियों दोनों का समर्थन करने वाले अमेरिका ने दोनों पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया है। अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने सीरियाई सरकारी बलों से अलेप्पो और तबका के बीच आक्रामक अभियान रोकने का आग्रह किया है।

दोनों पक्षों ने मार्च 2025 में हुए ‘एकीकरण समझौते’ को लागू करने की बात कही है, लेकिन लगातार झड़पों के कारण यह प्रक्रिया थमी रही है। पूर्वी अलेप्पो और पश्चिमी रक्का के कुछ हिस्सों में शनिवार रात तक लड़ाई जारी थी।

 

 

Next Post

अथर्व तायडे का शतक, विदर्भ के 317/8

Sun Jan 18 , 2026
बेंगलुरु 18 जनवरी (वार्ता) अथर्व तायडे (128) की शतकीय और यश राठौड़ (54) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रविवार को विदर्भ ने विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ आठ विकेट पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आज यहां सौराष्ट्र ने टॉस […]

You May Like