अथर्व तायडे का शतक, विदर्भ के 317/8

बेंगलुरु 18 जनवरी (वार्ता) अथर्व तायडे (128) की शतकीय और यश राठौड़ (54) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रविवार को विदर्भ ने विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ आठ विकेट पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ के लिए अथर्व तायडे और अमन मोखाड़े की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़े। 18वें ओवर में अंकुर पंवर ने अमन मोखाड़े (33) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये यश राठौड़ ने अथर्व तायडे के साथ मोर्चा संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी हुई। 37वें ओवर में अंकुर पंवर ने अथर्व तायडे को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। अथर्व तायडे ने 118 गेंदों में 15 चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 128 रनों की पारी खेली। 40वें ओवर में चिराग जानी ने यश राठौड़ (54) को आउट किया। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दाे छक्के लगाये।

इसके बाद सौराष्ट्र के गेंदबाजी आक्रमण के आगे विदर्भ के बल्लेबाज टिक नहीं सके और अपने विकेट गंवाते रहे। रविकुमार समर्थ (25), एमडी फैज (19), कप्तान हर्ष दुबे (17), नचिकेत भूटे (आठ) और रोहित बिनकर (पांच) रन बनाकर आउट हुये। विदर्भ ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

सौराष्ट्र के लिए अंकुर पंवर ने चार विकेट लिये। चेतन साकारिया और चिराग जानी को दो-दो विकेट मिले।

 

 

Next Post

नीमच–मनासा में स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा: कलेक्टर चंद्रा ने ली चिकित्सकों व अधिकारियों की बैठक

Sun Jan 18 , 2026
नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने उपखंड मनासा एवं जिला चिकित्सालय नीमच में जीबीएस संदिग्ध रोगियों और सामान्य सर्दी-खांसी-बुखार के मरीजो की जांच, उपचार और रोग नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम बी.एस कलेश , […]

You May Like