
जबलपुर। ग्वारीघाट वार्ड स्थित लालकुआँ पोलीपाथर में गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति के संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ व्यंगात्मक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री तरुण भनोत और प्रदेश सचिव गौरव भनोत के मार्गदर्शन में शंकरशाह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद पटेल और मिंटू मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस मौके पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की आर्थिक नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री के नाली से गैस निकालकर चाय बनाने वाले पुराने बयान पर भी तंज कसा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अत्यधिक बढ़ने से आम परिवारों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है और महिलाएं गृहस्थी चलाने में असमर्थ महसूस कर रही हैं। आरोप ये भी लगे कि जब देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है तब सरकार समाधान ढूंढने के बजाय चुनावी राज्यों के प्रचार में व्यस्त है। इस दौरान खाली सिलेंडरों और बर्तनों के साथ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र से व्यावहारिक कदम उठाने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पार्षद प्रीति अमर रजक, गुड्डू तामशेतवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह गुर्जर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट नितिन सिंह, मिंटू मिश्रा, सुरेंद्र गुप्ता, रूपेश पाठक, लवली ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
