
बीना। खिमलासा में क्षत्रिय करणी सेना ने रविवार को युवा एकता क्रांति महासभा का आयोजन किया। इस दौरान 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत और प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल सिंह राजपूत पर दर्ज एफआईआर वापस लेना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच से कहा कि जब तक कलेक्टर ज्ञापन लेने नहीं आएंगे, वे नहीं हटेंगे। इसके लिए शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है।डॉ. राज शेखावत और इंदल सिंह राणा रविवार दोपहर खिमलासा पहुंचे। मंच से प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा ने 15 सूत्रीय मांगों का वाचन किया और स्पष्ट किया कि कलेक्टर को शाम 5 बजे तक मौके पर आकर ज्ञापन लेना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने भी इस मांग का समर्थन किया।करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल सिंह राजपूत, जो प्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के भतीजे भी हैं, पर 7 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया के माध्यम से नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। इस संबंध में चंद्रशेखर घुरेटा ने 8 दिसंबर को खिमलासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत के आधार पर खिमलासा पुलिस ने राहुल राजपूत के खिलाफ धारा 296 (बी) बीएनएस, 3 (1) (द), 3(1) (ध), 3(2) (व्हीए) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। करणी सेना इसी एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग कर रही है।
