इंदौर: शहर में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने झपटमारी और लूट के मामलों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का माल बरामद किया है. आरोपी महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर वारदात करता.आरोपी हेलमेट पहनकर एक्सिस स्कूटी वाहन से वारदात को अंजाम देता था. पूछताछ में उसने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार झपटमारी की घटनाएं करना कबूल किया है.
आरोपी ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और गेम में पैसे लगाने के लिए लगातार इस तरह की वारदातें कर रहा था. पुलिस उपायुक्त जोन 2 कुमार प्रतीक ने बताया कि थाना प्रभारी मनीष लोधा एवं उपनिरीक्षक नवीन पाठक की टीम ने गोपनीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है. जांच में तिलक नगर और परदेशीपुरा क्षेत्र में दर्ज झपटमारी के मामलों का खुलासा हुआ है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पिता लक्ष्मण राव नायडू, उम्र 49 वर्ष, निवासी यादव कॉलोनी जबलपुर, वर्तमान निवासी भोला उस्ताद मार्ग स्थित वैष्णवी भोजनालय के रूप में हुई है. आरोपी भंवरकुआ क्षेत्र में भोजनालय का संचालन करता है. आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तीन चेन तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की एक्सिस स्कूटी सहित कुल 4 लाख 52 हजार का माल जब्त किया है. फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है.
