सड़क पर उतरा टोईंग वाहन, बनाया चालान

सीहोर। भोपाल-इंदौर मार्ग सहित नगर के अन्य व्यस्ततम मार्गों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करना अब महंगा साबित होगा. शनिवार को नपा व यातायात के अमले ने गंगा आश्रम में नो पार्किंग में खड़ी एक कार को टोईंग वाहन की मदद से जब्त कर लिया. इसके बाद वाहन मालिक पर चालानी कार्रवाई करने के बाद ही वाहन छोड़ा जा सका. अब यह मुहिम सतत रूप से जारी रहेगी.

शहर की बिगड़ैल यातायात व्यवस्था जग जाहिर है. सड़कों को घेरकर खड़े वाहनों के कारण दिन में कई बार जाम के हालात निर्मित होते हैं और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. चार पहिया व दुपहिया वाहनों के बेतरतीब ढंग से खड़े होने की समस्या से निपटने के लिए हाल ही में नपा द्वारा एक टोईंग वैन खरीदी गई है. मकर संक्रांति के दिन इसका शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा किया गया था. उसी दिन टोईंग वैन ने नगर में भ्रमण करते हुए लाउडस्पीकर से मुनादी की थी कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों को टोईंग वैन की मदद से जब्त किया जाएगा और चालानी कार्रवाई की जाएगी. इस मुनादी को लोगों ने नजरअंदाज करते हुए वाहनों को नो पार्किंग में खड़ा करना जारी रखा. नतीजतन टोईंग वैन शनिवार को सड़कों पर उतर आई और नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी.

शनिवार को हुआ टोईंग वैन का श्रीगणेश

शनिवार को नपा का अमला नो पार्किंग में खड़े वाहनों को जब्त करने के लिए निकला. इस दौरान चालानी कार्रवाई करने के लिए यातायात पुलिस का जवान भी उनके साथ मौजूद था. शहर के सबसे व्यस्ततम गंगा आश्रम में नो पार्किंग में खड़े एक वाहन को जैसे ही टोईंग वैन की मदद से जब्त कर यातायात थाने ले जाने लगे तभी कार का मालिक वहां आ पहुंचा और कार को छोडऩे की अनुनय विनय करने लगा, लेकिन उसके खिलाफ 500 रुपए का चालान बनाने के बाद ही कार को छोड़ा गया. इस दौरान टोईंग वैन को देखकर वहां मौजूद अन्य वाहनों को वहां से आनन- फानन में हटाया गया. इसके अलावा निजी नर्सिंग होम और डॉक्टरों के क्लीनिक के सामने आधी सड़क घेरकर खड़े दुपहिया वाहनों के चालक भी सड़क से नीचे उतारकर वाहन खड़े करते देखे गए.

लोगों का कहना, पहले पार्किंग जोन तो बनाए जाएं

नपा और यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को देखते हुए लोगों द्वारा पार्किंग जोन बनाए जाने की मांग जोर पकडऩे लगी है. चाणक्यपुरी से भोपाल नाका, बस स्टैंड, गंगा आश्रम, नदी चौराहा और इंदौर नाका तक एक भी पार्किंग जोन नहीं होने के कारण वाहन मालिकों को मजबूरन सड़कों पर वाहन खड़ा करना पड़ता है. यहां सर्वाधिक चार पहिया वाहनों की पार्किंग की समस्या बनी है तो शहर के अंदरुनी क्षेत्रों गांधी रोड, नमक चौराहा, जगदीश मंदिर चौराहा, कोतवाली चौराहा, पावर हाउस चौराहा सहित अन्य क्षेत्रों में दुपहिया वाहनों के लिए भी कोई पार्किंग जोन निर्धारित नहीं किया गया है. इस वजह से सड़कों पर दुपहिया वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं. नतीजतन दिन में कई बार जाम के हालात बनते हैंं. इन क्षेत्रों में भी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था नपा को करना चाहिए.

नो पार्किंग में तो बनेंगे ही चालान

बस स्टैंड व गंगा आश्रम सहित अन्य स्थानों पर कई बार नो पार्किंग में वाहन नहीं खड़े करने को कहा गया है, लेकिन इसके बाद भी वाहन खड़े किए जा रहे हैं. जिससे यातायात बाधित होता है. ऐसे में हमारे पास नो पार्किंग में खड़े वाहनों को जब्त करने और उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता.

बृजमोहन धाकड़,
यातायात प्रभारी, सीहोर

Next Post

एक दर्जन से ज्यादा अपराधों से लदा शातिर चेन स्नैचर धराया

Sun Jan 18 , 2026
इंदौर: शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को अन्नपूर्णा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पहले से ही लूट, चोरी और मारपीट के एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसके एक साथी को भी पकड़कर महिला से छीनी गई […]

You May Like