जबलपुर: बोर्ड परीक्षाओं की आहट के बीच विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का तनाव दूर करने और उन्हें सफलता के गुर सिखाने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने एक विशेष पहल की है। भंवरताल स्थित कल्चरल स्ट्रीट थियेटर हॉल में आयोजित परीक्षा मंथन कार्यक्रम के दौरान महापौर ने नगर निगम के पांचों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनकी शंकाओं का समाधान किया।
इस दौरान महापौर ने कहा कि ‘हमारा उद्देश्य है कि नगर निगम विद्यालयों का हर बच्चा न केवल शिक्षित हो, बल्कि आत्मविश्वास के साथ समाज की मुख्यधारा में अपना स्थान बनाए। परीक्षा पर संवाद कार्यक्रम के प्रारंभ में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा दीपप्रज्जवलन कर आयोजन का शुभारंभ किया।
संवाद के दौरान महापौर ने छात्रों को मित्रवत सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा केवल एक मूल्यांकन है, तनाव का कारण नहीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए कठिन सवालों और तैयारी से जुड़ी उलझनों को बड़े ही सरल ढंग से सुलझाया।संवाद कार्यक्रम में अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, प्राचार्य डॉं. शैलेन्द्र पाण्डेय, डॉं. राकेश जैन, श्रीमती दीप्ति शर्मा, श्रीमती रागिनी गर्ग एवं महापौर गुरूकुल के संयोजक एवं मैकलसुता इंस्टीटयूट संस्था के जयदीप मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
