
भोपाल। जीआरपी ने रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। दो अलग-अलग चोरी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 24 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद की है। यह सफलता पुलिस की सतत सतर्कता, प्रभावी टीमवर्क और तकनीकी सहयोग का परिणाम बताई जा रही है।
पहला मामला जीआरपी इटारसी से संबंधित है, जहां एक महिला यात्री ने ट्रेन यात्रा के दौरान अपने पर्स से नकदी, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 8.22 लाख रुपये आंकी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई। घटनास्थल, संदिग्धों के व्यवहार और तकनीकी जानकारी के विश्लेषण के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान 5.46 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
दूसरे मामले में जीआरपी ग्वालियर (एनजी) ने निरंतर जांच, मुखबिरों की सूचना और सघन चेकिंग के दौरान रेलवे क्षेत्र में संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। आरोपियों के कब्जे से नकदी, ट्रांसफॉर्मर की पावर सप्लाई के दो ड्रम, छिले हुए एल्यूमिनियम तार के 11 बोरे और एक लोहे की खुरचनी बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत लगभग 19.13 लाख रुपये है।
इन दोनों कार्रवाइयों के माध्यम से जीआरपी ने कुल 24.59 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है। यह उपलब्धि रेलवे पुलिस की रणनीतिक सतर्कता और अपराधमुक्त एवं सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
