यूनियन कार्बाइड त्रासदी का कचरा निस्तारण के बाद विकास-स्मारक की तैयारी, एंडरसन के भागने पर राहुल माफी मांगें: सीएम डॉ यादव

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज यूनियन कार्बाइड परिसर का दौरा करने के बाद वर्ष 1984 की भयावह यूनियन कार्बाइड गैस त्रासदी को देश के इतिहास का सबसे बड़ा औद्योगिक कलंक बताते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में वर्षों तक इस ज़हरीले कचरे को लावारिस छोड़ा गया। दो-तीन दिसंबर 1984 की रात भोपाल में हुई इस त्रासदी में हजारों लोगों की जान गई और पीढ़ियों तक लोग बीमारियों से जूझते रहे, लेकिन लंबे समय तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के विपरीत वर्तमान सरकार ने वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की मदद से जनवरी 2025 में यूनियन कार्बाइड परिसर में पड़े ज़हरीले कचरे का सुरक्षित निस्तारण कर एक बड़ा निर्णय लिया। इससे न केवल प्रदेश बल्कि पूरे विश्व को यह संदेश गया कि अत्यंत खतरनाक रसायनों से भी आधुनिक विज्ञान और सुदृढ़ प्रबंधन के जरिए मानव जीवन की रक्षा करते हुए निपटा जा सकता है।
इस दौरान पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हुई इस भीषण दुर्घटना के बाद यूनियन कार्बाइड के तत्कालीन चेयरमैन वॉरेन एंडरसन को देश से भगाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक चूक और पीड़ितों के साथ हुए अन्याय के लिए राहुल गांधी को देश और भोपाल की जनता से माफी मांगनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार पीड़ित परिवारों के प्रति पूरी संवेदना के साथ खड़ी है और केंद्र सरकार के साथ मिलकर भोपाल व मध्य प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

आने वाले समय में न्यायालय के मार्गदर्शन में यूनियन कार्बाइड स्थल पर स्मारक सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर सभी पक्षों से सुझाव लेकर आगे बढ़ा जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री का इस परिसर में आना यह दर्शाता है कि सरकार अतीत की त्रासदी से सबक लेकर भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री के कथन आपदा में अवसर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चुनौतियों का सामना कर प्रदेश को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, उद्योग, रोजगार और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में लगातार नए कार्य हाथ में लिए जा रहे हैं, जिससे भोपाल और पूरा मध्य प्रदेश प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा

Next Post

राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, सहायता राशि के चेक सौंपे

Sat Jan 17 , 2026
इंदौर: इंदौर प्रवास पर आए लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और हालात की जानकारी ली। राहुल गांधी ने पीड़ितों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए सहायता राशि के चेक वितरित […]

You May Like