जबलपुर: शहर की हरियाली और पार्कों की सूरत बदलने के लिए नगर निगम अब ‘एक्शन मोड में नजर आ रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह ने उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने शहर के विकास और सौंदर्यकरण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि उद्यान विभाग द्वारा किए जा रहे सभी कार्य धरातल पर व्यवस्थित रूप से दिखने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधूरे पड़े प्रोजेक्ट्स को समय सीमा के भीतर पूरा करें।
इस मौके पर महापौर ने अधिकारियों को बताया कि पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीका अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जबलपुर को एक ‘ग्रीन सिटी के रूप में स्थापित करना है।
भारत माता मंदिर का जल्द होगा लोकार्पण
बैठक में सबसे सुखद खबर भारत माता मंदिर को लेकर आई। महापौर ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और बहुत जल्द इसका भव्य लोकार्पण किया जाएगा। यह मंदिर न केवल शहर की आध्यात्मिक शोभा बढ़ाएगा, बल्कि पर्यटन और देशभक्ति के केंद्र के रूप में भी उभरेगा।
