भोपाल: खेलो एमपी यूथ गेम्स की तैयारियों को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बड़े तालाब स्थित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि देश में पहली बार किसी खेल आयोजन की लॉन्चिंग फ्लोटिंग स्टेज पर की जा रही है।
मंत्री सारंग ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
शाम 6 बजे बड़े तालाब पर आयोजित लॉन्चिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री यूथ गेम्स के मैस्कॉट, एंथम, लोगो और जर्सी का अनावरण करेंगे।लॉन्चिंग कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए 4के वॉटर प्रोजेक्शन, हाई क्वालिटी डिस्प्ले, टॉर्च लाइटिंग के जरिए फायर वर्क और लार्जर दैन लाइफ 20 फीट ऊंची जर्सी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मंत्री सारंग ने बताया कि यह देश में पहली बार है जब खेल विभाग और खेल संघ मिलकर खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन कर रहे हैं। प्रतियोगिताएं चार चरणों में आयोजित होंगी, जिनमें कुल 28 खेल शामिल होंगे।ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 से 16 जनवरी 2026 तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 20 जनवरी 2026 तक, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 25 जनवरी 2026 तक तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। खेलो एमपी यूथ गेम्स की प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक चलेंगी।
