इंदौर: प्रजातंत्र में विपक्ष को विरोध करने का अधिकार है और विपक्ष का काम है विरोध करना. हम भी विरोध करते थे और विरोध करके ही जनता के दिलो में जगह बनाकर जीते है.
यह बात पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुलाकात के बाद मीडिया से कही. आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के घर मिलने गए थे. पटवारी के जाने बाद महाजन ने कहा कि जीतू मेरे पास सालों से मिलने आता रहता है.
अच्छा काम करने वाला लड़का है. उसने मुझसे गंदे पानी को लेकर सलाह मांगी है. विरोध, विरोध की जगह है. पटवारी ने कहा कि समस्या का समाधान सबको मिलकर करना चाहिए. एकत्रित बैठकर सोचना चाहिए. मैंने कहा कि कई संस्थान है और आईआईटी और जीएसआईटीएस तकनीकी पहलुओं को जांच हो और सरकार को उसको सुधारना चाहिए. सामूहिक बैठकर सरकार को सुझाव दें. इसके क्या गलत सलाह दी है बताओ? महाजन ने राहुल गांधी के आने पर कहा कि प्रजातंत्र में विरोध करना विपक्ष का काम है और विरोध अच्छे से करना चाहिए. हम भी विरोध करके ही सत्ता में आए है. राहुल गाड़ी आने के बाद शहर के लिए अच्छे सुझाव देते है तो उनके सुझाव पर विचार करना चाहिए.
इंदौर जैसे गंभीर संकट से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास होः पटवारी
लोकसभा की पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पानी की गुणवत्ता को लेकर सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला है. पटवारी ने एनजीटी का हवाला देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का करीब 70 फीसदी पानी दूषित हो चुका है और यह एक तरह का ‘स्लो पॉइजन’ है, जो चुपचाप आने वाली पीढ़ियों को बीमार कर रहा है. उन्होंने कहा कि इस गंभीर संकट से निपटने के लिए राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों की जरूरत है.
