सीहोर। शहर के प्रसिद्ध करोली वाली माता मंदिर गंज में 18 जनवरी से आरंभ होने वाले सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन की सभी आवश्यक तैयारी की जा रही हैं. यहां पर दस दिवसीय महा भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा. इस दौरान मंडप में अखंड मंत्रोच्चारण होगा. नियमित नौ कुंडीय वेदी का निर्माण किया गया है. इसके अलावा यहां पर होने वाले महायज्ञ में देश भर के प्रसिद्ध साधु-संत, महात्मा और कथा वाचक शामिल होंगे.
शुक्रवार को यज्ञ स्थल पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया. जिसमें कार्यक्रम अध्यक्ष विवेक राठौर, यज्ञाचार्य पं. महादेव शर्मा और मु य यजमान सूत्रधार तरुण राठौर सहित अन्य शामिल थे. उन्होंने पत्रकारों को दिव्य अनुष्ठान और महायज्ञ की रुपरेखा से अवगत किया.
महायज्ञ के मीडिया प्रभारी प्रदीप समाधिया ने बताया कि 18 जनवरी से होने वाले सहस्त्र चंडी यज्ञ जिले के इतिहास में पहली बार हो रहा है. माघ की गुप्त नवरात्रि में संयुक्त मां कालका उत्सव समिति एवं समस्त शहरवासियों के द्वारा किया जा रहा है. आयोजन में शहरवासियों की सुख समृद्वि के लिए व जगदम्बा की प्रसन्नता के लिए दुर्गा सप्तशती के पाठ एवं हवन इत्यादि मर्यादा के अंतर्गत किया जाएगा. इसके अलावा दस दिनों तक नगर भंडारे में भोजन प्रसादी की जाएगी. रविवार को पहले कलश यात्रा और हेमाद्री आदि दिव्य अनुष्ठान किए जाऐंगे. इस मौके पर यज्ञ आयोजन की संपूर्ण रुपरेखा भी बताई गई. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, पं. शैलेश तिवारी, पं. नरेश तिवारी, जीतू राठौर और प्रतुल राठौर आदि शामिल थे.
