सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नेहा अलकेश जैन को पार्टी विरोधी गतिविधियो मे सहभागिता के चलते भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा द्वारा आज रविवार को जारी पत्र मे लेख किया है कि पिछले विधानसभा चुनाव मे भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार बृज बिहारी पटैरिया का आपके द्वारा खुला विरोध किया गया ।
आपके द्वारा गठित नपा की पीआईसी मे कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट को निरंतर शामिल किया गया। जो कि अनुशासन हीनता की श्रेणी मे आता है। जबकि परिषद मे भाजपा के 13 निर्वाचित पार्षद रहे। वही आपके द्वारा कांग्रेस पार्षद के पार्टी से त्यागपत्र का हवाला देकर पार्टी को लगातार गुमराह किया गया। तो वही भाजपा प्रदेश महामंत्री के आगमन पर क्षेत्रीय विधायक और जिलाध्यक्ष को नजरअंदाज किया गया। जो कि आपकी निरंकुश कार्य प्रणाली को प्रदर्शित करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश अनुसार नेहा जैन और अलकेश जैन को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।
