नयी दिल्ली, 01 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चीनी औसतन 62 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गई। चीनी के साथ चावल, गेहूं, अधिकतर दालों और खाद्य तेलों के दाम भी बढ़ गए।
चीनी में लगातार चौथे सप्ताह तेजी रही। बीते सप्ताह मीठे के बाजार में चीनी का औसत भाव 62 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 5,506 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहीं, गुड़ तीन रुपये सस्ता हुआ। खुदरा बाजार में भी चीनी में 58 पैसे प्रति किलोग्राम की औसत बढ़त रही और यह 59.18 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 70 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 4,377 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गेहूं की कीमत 29 रुपये बढ़कर 2,939 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। आटा भी 18 रुपये महंगा हुआ और 3,395 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 162 रुपये और चना दाल की 69 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। मूंग दाल 34 रुपये और उड़द दाल 31 रुपये महंगी हुई। वहीं, मसूर दाल 33 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई।
बीते सप्ताह सरसों तेल औसतन 233 रुपये और पाम ऑयल 51 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल में 39 रुपये और सोया तेल में 12 रुपये की तेजी रही। मूगफली तेल 11 रुपये चढ़ गया। वहीं, वनस्पति में 52 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
