नयी दिल्ली 15 जनवरी (वार्ता) चोट के कारण ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के विरुद्ध होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। सात फरवरी से शुरु होने वाले टी-20 विश्व से पहले होने वाली यह सीरीज महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वॉशिंगटन वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय के दौरान वे साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए थे और अभी तक इस चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। यह एकदिवसीय सीरीज 21 से 31 जनवरी खेली जायेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वॉशिंगटन की चोट को “बाईं निचली पसली में अचानक हुई तकलीफ” बताया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं। भारत को टी-20 विश्व कप के उद्घाटन मैच में मुंबई में अमेरिका से भिड़ना है। वनडे सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने वॉशिंगटन की जगह दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया था, लेकिन टी-20 स्क्वॉड में उनकी एंट्री होगी या नहीं, इस पर अभी कोई पुष्टि नहीं है।
न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी-20 सीरीज में वॉशिंगटन की गैरमौजूदगी को लेकर भारतीय खेमा चिंतित नहीं है। अगले हफ्ते कई ऑलराउंडर टीम से जुड़ने वाले हैं, जिनमें हार्दिक पंड्या, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे शामिल हैं। इसके अलावा अक्षर पटेल की भी वापसी हो रही है, जो न्यूजीलैंड सीरीज और टी-20 विश्व कप दोनों में उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। हालांकि टीम को एक और झटका लगा है। वॉशिंगटन के अलावा तिलक वर्मा भी ग्रोइन इंजरी की सर्जरी के बाद शुरुआती तीन टी-20 मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारत की टीम इस प्रकार है:-
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (पहले तीन मैचों के लिए उपलब्ध नहीं), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और इशान किशन (विकेटकीपर)।

