इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट के लिए डॉसन को टीम में शामिल किया

लंदन, (वार्ता) इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को अपनी टीम में शामिल किया है। बशीर लॉर्ड्स में इंग्लैंड की रोमांचक जीत के बाद शेष श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।

बशीर को तीसरे टेस्ट के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय बाएं हाथ में चोट लग गई थी और उन्हें तीसरे दिन मैदान से बाहर जाना पड़ा था। 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अंततः अंतिम विकेट लेकर इंग्लैंड को शानदार जीत दिलाई।

बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर डॉसन ने 2016 में भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब तक तीन मैचों में सात विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

35 वर्षीय इस खिलाड़ी को मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप सीजन में उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है,जहां उन्होंने हैम्पशायर के लिए नौ मैचों में 21 विकेट लिए हैं।

इंग्लैंड पुरुष टीम के राष्ट्रीय चयनकर्ता ल्यूक राइट ने उनके चयन पर कहा, ”लियाम डॉसन टीम में शामिल होने के हकदार हैं। काउंटी चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और हैम्पशायर के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”

आईसीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, लॉर्ड्स में रोमांचक मुकाबले में जीत के बाद इंग्लैंड मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में 2-1 से आगे है।

दोनों टीमें अब 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच में आमने-सामने होंगी।

चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स।

 

Next Post

दीया मिर्जा ने फिल्म हेड्स ऑफ स्टेट में प्रियंका चोपड़ा के अभिनय की तारीफ की

Wed Jul 16 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा ने फिल्म हेड्स ऑफ स्टेट में प्रियंका चोपड़ा के अभिनय की तारीफ की है। फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ में प्रियंका चोपड़ा के साथ जॉन सीना और इदरीस एल्बा ने मुख्य भूमिका निभाई है। दीया मिर्जा ने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ […]

You May Like