
सोयतकलां। आगर जिले में आजीविका मिशन अंतर्गत हौसलों की उड़ान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य समूह से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के संकल्प पर संवाद स्थापित करना तथा उनके अनुभवों को साझा करना रहा. यह कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित किया गया.
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के तहत आजीविका भवन परिसर में मिशन से जुड़ी महिलाओं ने एकत्र होकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया. इस अवसर पर लखपति दीदियों द्वारा अपने अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया तथा समूह से जुडक़र आर्थिक गतिविधियां संचालित कर रही महिलाओं ने अपने प्रस्तुतिकरण दिए. उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं जेंडर विषयों को केंद्र में रखते हुए नई चेतना अभियान की शुरुआत की गई है. इसी अभियान के अंतर्गत जिले में हौसलों की उड़ान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की गई. कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में महिलाएं विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर रही हैं. इसके साथ ही वे कृषि सखी, बैंक सखी, बीमा सखी, ड्रोन सखी एवं पशु सखी जैसी सेवाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं.
जागरूकता गतिविधियों का आयोजन…
कार्यक्रम के दौरान जेंडर आधारित प्रश्नोत्तर, शपथ कार्यक्रम तथा जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम महिलाओं के संकुल स्तरीय संगठनों द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में संकुल मुख्यालयों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना सहित संबंधित ब्लॉक टीम एवं आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.
