ब्यावरा: नगर पालिका परिषद ब्यावरा में मौजूद जनरेटर भंगार अवस्था में है, उपयोग नहीं होने तथा देखरेख के अभाव में लाखों रुपये कीमत का जनरेटर दिनों दिन खराब हो रहा है.
विदित है कि करीब एक दशक पूर्व नपा द्वारा जनरेटर लिया गया था. लाखों रुपये कीमत का यह जनरेटर आज नपा कार्यालय के गेट के बाहर रखा देखा जा सकता है, इसके आसपास जाली अवश्य लगा रखी है किंतु यह पूरी तरह धूल एवं कचरे से घिरा हुआ है, जो कि किसी भंगार से कम नहीं नजर आता है.
बेटरी नहीं होने से बंद पड़ा है जनरेटर
नपा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनरेटर में बेटरी नहीं है, फिलहाल यह चालू होने की स्थिति में नहीं है, जिससे इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है. ऐसे हालातों में बंद पड़ा जनरेटर दिनों दिन और भंगार होकर बदहाल हो रहा है.
बिजली जाने पर नहीं होता उपयोग
लाखों रुपये लगाकर खरीदा गये जनरेटर का उपयोग बिजली चले जाने पर नपा कार्यालय में वैकल्पिक बिजली सप्लाई के लिए होना चाहिए किंतु बेटरी खराब होने के कारण यह जनरेटर खराब अवस्था में है, इससे इसका उपयोग नही हो पाता है, जिस उद्देश्य से जनरेटर लाया गया उस काम यह नहीं आ पा रहा है.
