
भिंड। सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आज सोमवार को जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार हुआ। स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में ठंड के बावजूद सैकड़ों स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष समेत कई बड़े जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं रहे।
कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले आकाशवाणी के माध्यम से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बच्चों ने एकाग्रता से सुना। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना मुद्रा, हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, दंडासन और भुजंगासन जैसे आसनों का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग से एकाग्रता और अनुशासन विकसित होता है।
जिला स्तरीय आयोजन में विधायक, सांसद और जिला-जनपद पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य शामिल नहीं हुए। जनप्रतिनिधियों की गैर-मौजूदगी चर्चा का विषय रही।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, अपर कलेक्टर एल.के. पाण्डेय और जिला शिक्षा अधिकारी आर.डी. मित्तल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
