शिक्षा संवर्ग कर्मचारियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

ओल्ड पेंशन योजना लागू करने सहित की समस्यायों के निदान की मांग

सतना : मप्र राज्य कर्मचारी संगठन एवं भारतीय मजदूर संगठन के तत्वावधान में सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह से भेंट कर ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षा संवर्ग कर्मचारियों द्वारा अपनी मांग और समस्यायों के अविलंब निराकरण की मांग रखी गई.सांसद से भेंट के दौरान शिक्षा संवर्ग कर्मचारियों ने सभी शिक्षकों की वरिष्ठता का निर्धारण नियुक्ति दिनांक से करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति दिनांक से 100 प्रतिशत वेतन दिए जाने, चतुर्थ समय वेतनमान का लाभ 35 वर्ष की सेवा पर मिलने, एनपीएस के स्थान पर ओपीएस को पुन: बहाल करने, समय समय पर विभागीय परीक्षा आयोजित करने और महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती इसी से किए जाने की मांग रखी.

इसी कड़ी में शिक्षा संवर्ग कर्मचारियों ने बताया कि ई-अटेंडेंस सभी कर्मचारियों में भय संदेह और असंतोष का कारण बन रही है. आए दिन सर्वर डाउन होना आम बात है. जिसे देखते हुए वेतन निर्धारण में ई अटेंडेंस को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए., इसके साथ ही यह भी मांग की गई कि शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों जैसे बीएलओ-जनगणना में न लगाया जाए. अनुकंपा नियुक्ति में डीएड बीएड डिग्री और पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के नियमों को शिथिल किया जाए.

कर्मचारियों को चिकित्सा के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाए. कत्र्तव्य निर्वहन के दौरान दुर्घटना बीमा का लाभ भी दिया जाए. शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों की समस्यायों को गंभीरता से सुनने के बाद सांसद श्री सिंह द्वारा आश्वस्त किया गया कि उनकी सभी वाजिब और न्यायपूर्ण मांगों समस्यायों से संबंधित ज्ञापन को मुख्यमंत्री से चर्चा कर निराकरण का प्रयास किया जाएगा.
 ये रहे उपस्थित
सांसद से भेंट कर ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी, शिक्षा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मोहित गर्ग, संरक्षक राजेंद्र उपाध्याय, भारतीय मजदूर संघ से जिलाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह, जिला मंत्री शरद तिवारी, मैहर जिले से मुनींद्र शुक्ला, सतना जिले से राकेश पटेल, राकेश त्रिपाठी, एनसीसी प्रभारी अशोक कुमार पाण्डेय, प्रेम प्रकाश पाल और सुभाष सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

पुलिस वाहन चालकों को मिला प्रशिक्षण

Mon Jan 12 , 2026
सतना: वीआईपी, वीवीआईपी ड्यूटी के साथ साथ कानून व्यवस्था की स्थिति के दौरान पुलिस वाहन चालकों को क्या क्या जिम्मेदारी निभानी है इस संबंध में रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के समस्त वाहन चालकों को परेड ग्राउंड सतना में प्रशिक्षण दिया गया।रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में […]

You May Like