निकोलस मादुरो ने अमेरिकी हिरासत से बेटे को भेजा संदेश, ‘योद्धा हूं, मजबूत बना हुआ हूं’

काराकस, 11 जनवरी (वार्ता/शिन्हुआ) वेनेजुएला के सांसद निकोलस मादुरो ग्वेरा ने कहा कि उनके पिता राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अपने वकीलों के जरिये संदेश भेजा है। इसमें कहा गया है कि वह ठीक हैं और अमेरिकी हिरासत में होने के बावजूद मजबूत बने हुए हैं।
श्री ग्वेरा ने वेनेजुएला की सत्ताधारी यूनाइटेड सोशलिस्ट पार्टी के नेताओं को संबोधित किया, “वकीलों ने हमें बताया कि वे मजबूत हैं और हमें उदास नहीं होना चाहिए।” उन्होंने बताया पिता ने संदेश में कहा है, “हमलोग ठीक हैं। मैं योद्धा हूं।”
राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस, फिलहाल अमेरिका में हैं। अमेरिकी सेना ने गत तीन जनवरी को राजधानी काराकस और अन्य शहरों में सैन्य अभियान चलाकर उन्हें अगवा कर लिया था। इन हमलों की दुनिया भर में निंदा की गयी और चिंता जतायी गयी है।
श्री ग्वेरा ने कहा कि उनके पिता टूटे नहीं हैं, साथ में यह भी जोड़ा कि सरकार और उसके समर्थक ‘एकजुट हैं और मजबूती से खड़े हैं’। उन्होंने कहा, “शाविज्मो (पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज की विचारधारा) की ताकत एकता में है। चाहे कुछ भी हो जाए, हमें एकजुट रहना होगा।”
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शनिवार को श्री मादुरो और उनकी पत्नी की वापसी सुनिश्चित करने का वादा किया। मिरांडा राज्य में एक सामुदायिक कार्यक्रम में बोलते हुए सुश्री रोड्रिग्ज ने कहा कि वेनेजुएला के नेतृत्व या शासन कार्यक्रम के बारे में कोई अनिश्चितता नहीं है। उन्होंने कहा, “यहां कोई अनिश्चितता नहीं है। वेनेजुएला के लोग ही सब कुछ संभाल रहे हैं। यहां एक सरकार है, जो राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की है।”
कार्यवाहक राष्ट्रपति ने शांति, स्थिरता और देश के भविष्य की गारंटी के लिए एकता बनाये रखने की अपील की।

Next Post

नुसरत भरूचा की सोलो परफॉर्मेंस ने जीता फराह खान का दिल

Sun Jan 11 , 2026
फराह खान ने नुसरत भरूचा की फिल्म ‘अकेली’ में सोलो परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूरी फिल्म में अकेले स्क्रीन संभालना आसान नहीं होता। बॉलीवुड में जब किसी कलाकार की मेहनत और टैलेंट की सराहना इंडस्ट्री के सीनियर फिल्ममेकर्स करें, तो वह पल खास बन जाता है। […]

You May Like