छतरपुर। खुदाई में प्रकट हुई हनुमान जी और बिजासनी माता की प्रतिमाएं पुजारी को आए लगातार सपनों के बाद हुई खुदाई, प्राचीन मंदिर होने के संकेत, बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बुंदेलखंड के छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र के ग्राम डागरगुंवा स्थित हरसापुरवा में मौजूद श्री बानेश्वर धाम सरकार इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां हाल ही में हुई खुदाई के दौरान देव प्रतिमाओं के मिलने से पूरे इलाके में आस्था और विश्वास का माहौल बन गया है। दूर-दराज से लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बानेश्वर धाम के पुजारी पंडित राम जी महाराज उर्फ रामकृष्ण शास्त्री के अनुसार, उन्हें कुछ दिनों तक लगातार ऐसे स्वप्न आए जिनमें यह संकेत मिला कि धाम परिसर में भूमि के भीतर हनुमान जी महाराज विराजमान हैं। संयोग से उसी दौरान गौशाला निर्माण के लिए पिलर खोदने का कार्य चल रहा था। पिलर की खुदाई के बाद भी पुजारी को पुनः स्वप्न आया, जिसमें उसी स्थान के आसपास और खुदाई करने की बात कही गई।
पुजारी ने ग्रामीणों को इस विषय में जानकारी दी। ग्रामीणों की सहमति के बाद पूर्णिमा के दिन शाम से रात तक विधि-विधान के साथ खुदाई कराई गई। इस दौरान भूमि के भीतर से हनुमान जी महाराज की प्रतिमा प्राप्त हुई, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
इसके पश्चात पुजारी को एक और स्वप्न आया, जिसमें यह बताया गया कि उस स्थान पर केवल हनुमान जी ही नहीं, बल्कि देवी शक्तियां भी समाहित हैं। अगले दिन की गई खुदाई में माता बिजासनी की धातु से निर्मित प्रतिमा प्राप्त हुई। पुजारी के अनुसार यह स्थान प्राचीन मंदिर का हिस्सा रहा है।
