शाजापुर: शुजालपुर के पास स्थित ग्राम सलकनखेड़ी में 24 भेड़ों की जान मधुमक्खियों के काटने से चली गई. इस घटना में दो चरवाहा भी घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए शुजालपुर से से सिहोर रैफर किया गया. घायल चरवाहे की पहचान हड़तीगा राम पिता रूपजी के रूप में हुई है जो मूल रूप से ग्राम कांबा तहसील आहोर जिला जालौन राजस्थान निवासी हैं. वह अपने साथियों के साथ मध्य प्रदेश में करीब 350 भेड़ों के झुंड के साथ आए हैं.
घटना में उसका एक अन्य साथी भी घायल बताया जा रहा है. घटना उस समय हुई जब भेड़ों का झुंड को चरवाहे जंगल में चरा रहे थे. तभी प्यास लगने पर भेड़ें पास के तालाब में चरने गई तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. जिससे एक एक कर भेड़ें बेसुध होकर गिरने लगी और उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही तिलावत पुलिस चौकी और पशु चिकित्सक की टीम मौके पर पहुंची. मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कर आवश्यक कार्रवाई की गई. चौकी प्रभारी घनश्याम बैरागी ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल मौके का मुआयना कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई. पीडि़त चरवाहे ने बताया कि यह उनके लिए दूसरी बड़ी त्रासदी है. इससे पहले भी 220 भेड़ों की मौत हो चुकी है और अब 24 भेड़ों के मरने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
