केंद्र सरकार की पहल पर ईरान में फंसे भारतीयों को वापस लाने का अभियान जारी; लौटे हुए नागरिकों ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार को धन्यवाद दिया।
नई दिल्ली, 21 जून (नवभारत): भारत सरकार द्वारा ईरान में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन सिंधु’ सफलतापूर्वक जारी है। अब तक इस अभियान के तहत 517 भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित स्वदेश लाया जा चुका है। भारत लौटे इन नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का उनके सुरक्षित वापसी के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत ईरान में उत्पन्न हुई विशेष परिस्थितियों के मद्देनजर की गई थी, जिसके तहत भारतीय दूतावास ईरान में फंसे भारतीयों के साथ लगातार संपर्क में था। यह अभियान भारत सरकार की अपने नागरिकों को संकट की स्थिति में सुरक्षित निकालने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लौटे हुए नागरिकों ने बताया कि ईरान में उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन भारत सरकार के त्वरित और प्रभावी प्रयासों से वे अब अपने घर लौट पाए हैं। यह अभियान भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति सरकार की प्राथमिकता को रेखांकित करता है।

