
सौसर। नगर कांग्रेस कमेटी पिपला नारायणवार द्वारा क्षेत्र की ज्वलंत समस्या को लेकर एसडीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य बस स्टैंड पर स्थित शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कांग्रेस का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास दर्जनों गांवों का मुख्य केंद्र है। यहाँ से प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राएं और कामकाजी महिलाएं गुजरती हैं। शराब दुकान होने के कारण असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और युवतियों में असुरक्षा का भय बना रहता है। इसी तरह समीप ही प्राचीन भवानी माता मंदिर (मठ) स्थित है, जहाँ बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए आती हैं। शराबियों की अभद्र भाषा और हरकतों से धार्मिक वातावरण भी दूषित हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि आए दिन शराब दुकान के पीछे गाली-गलौज और विवाद होते रहते हैं, जिससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में रोष व्याप्त है।
14 जनवरी से उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रशासन ने जनहित और माताओं-बहनों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान हटाने का ठोस आश्वासन नहीं दिया,तो 14 जनवरी को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिपला नारायणवार द्वारा समस्त नगरवासियों की उपस्थिति में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर विधायक विजय चौरे, कैलाश चौधरी सहित नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
