इलाज के दौरान दो पालतू कुत्तों की मौत, पेट क्लीनिक के डॉक्टर और स्टाफ पर एफआईआर

भोपाल। राजधानी भोपाल में पालतू पशुओं के उपचार से जुड़ा एक मामला सामने आया है. शाहपुरा क्षेत्र स्थित पेट मित्र क्लीनिक में इलाज के दौरान दो पालतू कुत्तों की मौत हो गई. इस मामले में चुनाभट्टी पुलिस ने डॉक्टर और क्लीनिक स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, घटना 7 जनवरी की दोपहर की है. फरियादी आदित्य बंशकार और शशांक मित्रा अपने-अपने बीमार पालतू कुत्तों को इलाज के लिए क्लीनिक लेकर पहुंचे थे. आदित्य का कुत्ता 8 वर्षीय जर्मन शेफर्ड जबकि शशांक का कुत्ता 9 वर्षीय पग नस्ल का बताया गया है.

फरियादियों का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर विशाल जायसवाल और क्लीनिक स्टाफ द्वारा पर्याप्त जांच और सावधानी नहीं बरती गई, जिससे दोनों कुत्तों की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद फरियादियों ने देर रात थाना चूनाभट्टी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की पशु अपराध से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रधान आरक्षक विजय शंकर त्रिपाठी को सौंपी है.

वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय पालतू पशु प्रेमियों ने भी चिंता व्यक्त की है और पालतू पशु क्लीनिकों की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

इस मामले में क्लीनिक संचालक से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी.

Next Post

ग्राम जूनावानी ढाना में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की क्षमता वृद्धि हेतु कार्यक्रम आयोजित

Thu Jan 8 , 2026
बनखेडी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् की नवांकुर संस्था विलेजलाइफ वेलफेयर सोसायटी बनखेडी ने ग्राम जूनावानी ढाना में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की क्षमता वृद्धि के लिए कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में समिति को दस्तावेजीकरण, नर्सरी उगाना, नवांकुर सखियों को आवंले के बीज ओर पोलीथीन वितरित किए गये। मीटिंग में विकास […]

You May Like