इंदौर: लसूड़िया इलाके में रॉन्ग साइड से आए युवकों ने रास्ते में एक युवक को रोककर पहले गाली गलौज की, फिर डंडे से हमला कर दिया. वारदात में युवक के सिर में गंभीर चोट आई. आरोपी जाते समय उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले.घटना रात करीब 9.30 बजे गुलाब बाग स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास की है. निपानिया में रहने वाले राकेश सवनेर बंगाली चौराहे से घर की ओर जा रहा था. पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से रॉन्ग साइड में आए कुछ युवकों ने उसे रोक लिया.
बिना किसी वजह के गाली देने पर राकेश ने विरोध किया तो युवक उस पर टूट पड़े. आरोपियों ने डंडे से राकेश के सिर पर कई वार किए. चोट लगने से उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा. मारपीट के बाद आरोपी वहां से भाग निकले और जाते समय दोबारा रास्ते में मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी दी. राकेश की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस अब पेट्रोल पंप और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.
