फिल्मी अंदाज में दुकान में तोडफ़ोड़ व मारपीट, दो घायल 

सीहोर। मंगलवार की दोपहर लगभग 12 बजे बस स्टैंड के समीप गीता भवन के पास बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर की दुकान में लगभग एक दर्जन अज्ञात लोगों ने घुसकर तोडफ़ोड़ कर दी और दुकान संचालक के अलावा एक ग्राहक के साथ भी मारपीट करते हुए फरार हो गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

जानकारी के अनुसार आराकश मोहल्ला निवासी अजय दिनकर की बस स्टैंड पर गीता भवन के समीप बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है. बताया जाता है कि दोपहर 12 बजे दुकान पर अजय के बड़े भाई दिनेश दिनकर बैठे थे तभी अचानक वहां एक दर्जन युवक आ धमके. उन्होंने आते ही दुकान में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी. इस दौरान जब दिनेश दिनकर ने उन्हें रोकना चाहा तो युवकों ने उन्हेंं भी जमकर मारा. युवकों ने दुकान के कांच तोड़ दिए और सामान सड़क पर फैंक दिया. इस दौरान वहां पर सीमेंट खरीदने आए युवक नीतिन धीमान ने युवकों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके साथ भी जमकर मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी युवक वहां से भाग निकले. इस दौरान वहां अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश प्रारंभ कर दी है. घटना के बाद वहां के अन्य दुकानदारों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

रात को विवाद ने लिया था जन्म

बताया जाता है कि बीती रात अजय दिनकर का 20 वर्षीय पुत्र सार्थक दुकान बंद कर घर जा रहा था तभी वहां एक कार आकर रूकी. कार में सवार युवक नशे में थे और वह दुकान की शटर के पास लघुशंका करने लगे. सार्थक ने उन्हें मना किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका मोबाइल छीनकर फैंक दिया था. इस मामले में सार्थक ने रात में ही आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज करा दिया था. इसी बात को लेकर आरोपियों ने अगले दिन मंगलवार को दुकान में तोडफ़ोड़ की वारदात को अंजाम दिया. मामले में थाना प्रभारी रविन्द्र यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है.

Next Post

मप्र में राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार को मिलेगी नई गति, सीएम यादव के प्रयासों की नितिन गडकरी ने की सराहना

Tue Jan 6 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और लंबित परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने सोमवार को नई दिल्ली में मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की […]

You May Like

Play sound