
गरोठ। नगर परिषद गरोठ का साधारण सम्मेलन मंगलवार 6 जनवरी को दोपहर 1 बजे नगर परिषद सभाकक्ष में नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में नगर विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सम्मेलन में नगर के वार्ड क्रमांक 01, 06, 09, 12 एवं 14 की विभिन्न गलियों को मलिन बस्ती घोषित किए जाने की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही हॉस्पिटल चौराहा से खडावदा रोड तक शेष सी.सी. रोड एवं डिवाइडर निर्माण कार्य के लिए प्राप्त न्यूनतम दर पर स्वीकृति दी गई।
बैठक में महाराणा प्रताप उद्यान के विस्तारीकरण को भी मंजूरी प्रदान की गई। वहीं म्यू. सर्वे क्रमांक 435 की लीज अनुबंध निरस्तीकरण के पश्चात पुनः आवंटन किए जाने का निर्णय बहुमत के आधार पर लिया गया। नवीन बस स्टैंड स्थित शेष 58 दुकानों की ई-निलामी किए जाने को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली।
स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से NSKFDC से प्राप्त होने वाले ऋण से स्वच्छता शाखा अंतर्गत विभिन्न वाहन एवं ई-चार्जिंग प्वाइंट क्रय किए जाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में ऋण प्राप्त होने एवं वरिष्ठालय से दर स्वीकृति की अनुमति मिलने के उपरांत आगामी कार्यवाही हेतु नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अधिकृत किया गया।
इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 09 में अशोक बैरागी के मकान से बोलिया रोड तक, वाल्मिकी यात्री प्रतीक्षालय से गणेश मंदिर होते हुए प्रदीप मोर्य के मकान तक, तथा दीपक रसाल के मकान से तीन सड़क तक सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अटल मांगलिक भवन के नवीनीकरण एवं विस्तारीकरण को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में मटन मार्केट की शेष दुकानों की ई-निलामी तथा नवीन बस स्टैंड एवं मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर परिषद निर्णय अनुसार प्रति वाहन 500 रुपये का शुल्क अधिरोपित किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सभी प्रस्तावों को परिषद द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। हालांकि बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एवं कांग्रेस वार्डों में विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।
