
नवभारत न्यूज
रीवा, 14 जनवरी, किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य देने के लिए पंजीकृत किसानों से जिले भर में बनाये गये 95 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है. जिले में अब तक 52428 किसानों से अब तक 3331213 क्विंटल धान की खरीद की गयी है. इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी खाद्य पीके पाण्डेय ने बताया कि अब तक की गयी खरीदी के लिए किसानों को 766 करोड़ 17 लाख 90 हजार 834 रूपये मंजूर किये जा चुके हैं. किसान अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट बुक करके खरीदी केन्द्र और खरीदी के समय का निर्धारण करके समर्थन मूल्य पर धान दे सकते हैं. खरीदी के लिए अब तक 58368 किसानों ने स्लॉट बुक कराये हैं. अब तक 30 लाख 9 हजार 167 क्विंटल धान का परिवहन करके सुरक्षित भण्डारण कर दिया गया है. अब तक किसानों के बैंक खाते में 531 करोड़ 15 लाख 69 हजार 409 रुपए जारी किए जा चुके हैं. धान खरीदी की अंतिम तिथि 23 जनवरी निर्धारित है.
निरीक्षण दल द्वारा किया गया खरीदी केन्द्र का निरीक्षण
रीवा, 14 जनवरी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जिला प्रबंधक स्टेट सिविल सप्लाई, जिला प्रबंधक वेयर हाउसिंग एवं नायब तहसीलदार त्योंथर द्वारा धान खरीदी केन्द्र सोहागी क्रमांक एक का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान भौतिक सत्यापन कराया गया. जिला प्रबंधक स्टेट सिविल सप्लाई ने बताया कि सत्यापन के दौरान 5146.60 धक्वटल धान का उपलब्ध होना नहीं पाया गया जबकि खरीदी केन्द्र द्वारा इसे किसानों के नाम पर पोर्टल पर दर्ज किया गया है. कम पाई गयी धान का मूल्य एक करोड़ 18 लाख 37 हजार 502 रूपये है. निरीक्षण दल द्वारा अग्रिम कार्यवाही हेतु जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों की ओर प्रेषित कर दी गयी है.
