जबलपुर: जिला प्रशासन द्वारा गठित गरुड़ दल ने सोमवार को रांझी तहसील के ग्राम गौरैयाघाट स्थित अख्तर डेयरी का अकस्मिक निरीक्षण किया। तहसीलदार रांझी मौसमी केवट के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में डेयरी की गंदगी और स्वास्थ्य सुरक्षा के उल्लंघन सामने आए।
निरीक्षण में पाया गया कि डेयरी के जानवरों को पिलाने वाले पानी की टंकी में काई और गंदगी जमा थी, वहीं मृत जानवरों के शव भी मिले। इसके अलावा, गोबर का संधारण और निस्तारण खुले स्थान पर किया जा रहा था तथा गंदा पानी खुले में बहाया जा रहा था।
स्वच्छता और स्वास्थ्य नियमों के उल्लंघन के चलते मौके पर ही डेयरी संचालक पर 5 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया और पानी के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए। इसके साथ ही, डेयरी संचालक को मौके पर रखी दवाओं के बिल प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का अवसर दिया गया। इस निरीक्षण में नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खाद्य विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी भी शामिल थे।
