
मक्सी। मक्सी गडरोली क्षेत्र का कुख्यात डीजल चोर रामचंद्र उर्फ कारतूस पिता कानीराम को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया. आरोपी ने मक्सी के बलडे क्षेत्र में खुलेआम कट्टे से फायरिंग की, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
जानकारी के अनुसारए रामचंद्र उर्फ कारतूस लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ मक्सी सहित प्रदेश के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मक्सी पुलिस को सूचना दी. गडऱोली निवासी पीडि़त इस्माइल खान पिता सिकंदर खान ने नवभारत संवाददाता को बताया कि आरोपी इससे पहले भी उनके घर के सामने खुलेआम फायरिंग कर चुका है, जिसकी शिकायत उन्होंने मक्सी थाने में दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. इस्माइल खान का यह भी कहना है कि रविवार को वो अपने दोस्तों के साथ मक्सी बलडे क्षेत्र में मौजूद थे, तभी रामचंद्र उर्फ कारतूस वहां पहुंचा और एक बार फिर खुलेआम फायरिंग कर दी. सूचना मिलते ही मक्सी पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने किए कट्टा और कारतूस जब्त…
पुलिस सूचना संकलन के पद पर पदस्थ राहुल जाट द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से एक कट्टा और कारतूस जब्त किए गए. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है. क्षेत्र में आरोपी की गिरफ्तारी से लोगों ने राहत की सांस ली है.
इनका कहना है
अपराधी को पकड़ लिया गया है. आगे की कार्यवाही की जाएगी.
– संजय कुमार, थाना प्रभारी, मक्सी
