
शाजापुर। नए साल के चौथे दिन भी मौसम ने लोगों को कंपकंपा दिया और पूरे शहर ने 18 घंटे तक कोहरे की चादर ओढ़े रखी. हालांकि दोपहर बाद मामूली धूप खिलने से कोहरा तो छंट गया, लेकिन इसके बाद भी सर्द हवाओं के चलते लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल सकी. मौसम विभाग द्वारा आज से सर्दी से राहत मिलने की संभावना जताई है. इधर लगातार गिरते तापमान के कारण शिक्षा विभाग ने नर्सरी से 8वीं तक के सभी स्कूलों में 5 और 6 जनवरी का अवकाश घोषित किया है.
2025 के आखरी दिन ही तापमान में बढ़ोत्तरी हुई थी. इसके बाद अगले ही दिन सर्दी ने पलटवार करना शुरू कर दिया और नए साल की पहली रात से ही सर्दी का असर लोगों पर दिखने लगा था. इसके बाद से पिछले तीन दिनों से सर्दी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित किया हुआ है. कोहरे के चलते पिछले तीन दिनों से लोगों का बुरा हाल हो रहा है. न हाईवे पर वाहन चल पा रहे हैं और न ही पटरी पर ट्रेनों की गति बढ़ पा रही है. वहीं लोगों को भी पूरे दिन अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि रविवार का दिन भी सीवियर कोल्ड डे रहा. संभावना है कि सोमवार से मौसम खुल सकता है और सर्दी से राहत मिल सकती है.
18.8 डिग्री दिन का तापमान
सर्दी के असर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नए साल के पहले शनिवार के बाद रविवार को भी सीवियर कोल्ड डे का सामना नगर वासियों को करना पड़ा. इस दिन तापमान 20 डिग्री से घटकर 18.8 डिग्री दर्ज किया गया. तो रात का तापमान भी 9.7 डिग्री दर्ज किया गया. तो सर्द हवाओं की गति भी 15 से बढक़र 16 किमी प्रति घंटा पहुंच गई, जिसने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया. यही वजह थी कि लोग दिनभर अलाव के सामने बैठे रहे.
रात से हो रही कोहरे की बारिश
शनिवार को दिनभर कोहरा छाने के बाद शाम को कुछ देर के लिए कोहरा छंटा था, लेकिन रात 8 बजे से फिर पूरा शहर कोहरे में समाता गया. देखते ही देखते विजिबिलिटी भी कम हो गई, जिसके चलते लोगों ने अपने घर से निकलने से भी परहेज किया. रात 12 बजे हालात ये थे कि 5 फीट दूरी पर भी दिखाई देना बंद हो गया था. कोहरे के कारण ट्रेनों की गति भी काफी धीमी हो गई. तो हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी रेंगते हुए अपने वाहन चलाना पड़े.
खाने-पीने की वस्तुओं में बदलाव
तेज होती ठंह में लोग अपने खाने-पीने की वस्तुओं में भी बदलाव ला रहे हैं. शहर में में गजक, गजक, पिंड खजूर, दूध-जलेची आदि की दुकान पर भीड़ देखने को मिल रही है. ठंड में मीठी व सौंधी गजक काफी पसंद की जाती है. ग्राहकों को लुभाने के लिए व्यापारी भी कई वैरावटी में गजक बनाते हैं.साथ ही गजक के साथ ड्रायफ्रूट, चॉकलेट व केसर-पिस्ता गजक, मूंगफली चक्की, लच्छा, तिल की चट्टी व लड्डू भी बाजार में उपलब्ध हैं. गजक, गराडू, ड्रायफ्रूट की डिमांड होने लगी है. वहीं जलेबी और केसर दूध की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जमने लगी है.
5 एवं 6 जनवरी का अवकाश घोषित
वर्तमान में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान में अत्यधिक कमी होने को दृष्टिगत रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शिप्रे द्वारा शाजापुर जिले के अन्तर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं समस्त बोर्ड से सम्बद्ध शैक्षणिक संस्थाओं का प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के बच्चों का 5 एवं 6 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा. इसके साथ ही विद्यालय स्टाफ विद्यालय में उपस्थिति रहेंगे. अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां यथा परीक्षा आदि पूर्ववत संचालित रहेंगे.
