भोपाल: घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम के बीच राजा भोज एयरपोर्ट ने अपनी तकनीकी दक्षता और संचालन क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। दृश्यता करीब 500 मीटर तक सिमटने के बावजूद एयरपोर्ट पर हवाई यातायात सुचारु बना रहा और किसी भी उड़ान को रद्द या डायवर्ट करने की नौबत नहीं आई।कम विजिबिलिटी की स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने सुबह से ही न्यूनतम मानक दृश्यता व्यवस्था लागू कर दी। इसके चलते डोमेस्टिक उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
इसी दौरान एक अहम उपलब्धि दर्ज हुई, जब कैटेगरी-2 आधारित लैंडिंग सिस्टम की मदद से पहली बार एयर इंडिया की दिल्ली-भोपाल फ्लाइट को सुरक्षित उतारा गया। यह सफलता एयरपोर्ट की उन्नत तकनीक, प्रशिक्षित स्टाफ और मजबूत सुरक्षा प्रबंधन को दर्शाती है।एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय के कारण उड़ानों में बड़े विलंब की स्थिति नहीं बनी। दोपहर 1:10 बजे तक कुल 16 विमानों की आवाजाही हुई, जिनसे 2324 यात्रियों ने यात्रा की।
अंतरराष्ट्रीय चार्टर उड़ानों का भी सफल संचालन
इधर,कल भोपाल से मालदीव की राजधानी माले और दुबई के लिए दो नॉन-शेड्यूल्ड अंतरराष्ट्रीय चार्टर फ्लाइट्स रवाना की गईं। इन उड़ानों से 11 यात्रियों ने सफर किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा कस्टम और इमिग्रेशन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की गईं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
