इंदौर: घने कोहरे के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ, दृश्यता कम होने से सुबह 9 बजे पहली फ्लाइट लैंड हो सकी, जबकि सामान्य तौर पर पहली उड़ान सुबह 6.40 बजे उतरती है, कोहरे के चलते आने जाने वाली 18 उड़ानें एक से तीन घंटे तक देरी से संचालित हुईं.विमानतल सूत्रों के अनुसार सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई.
सामान्य परिस्थितियों में दृश्यता तीन किलोमीटर से अधिक रहती है, जबकि सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए कम से कम 600 से 800 मीटर दृश्यता आवश्यक होती है. कम दृश्यता के कारण सुबह की उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया. पुणे, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, जयपुर और भुवनेश्वर से आने वाली फ्लाइट्स के साथ ही दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जबलपुर, गोवा, नागपुर, जम्मू और शारजाह जाने वाली उड़ानें देरी से रवाना हुईं. प्रभावित उड़ानें इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की थीं.
सुबह की उड़ानों में देरी का असर पूरे दिन के शेड्यूल पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. विमानतल प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें.
