भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उन्होंने एक समावेशी, धर्मनिरपेक्ष और वैज्ञानिक सोच वाले राष्ट्र की नींव रखी। वे बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिस प्रकार कोई शिल्पकार मूर्ति गढ़ता है, उसी प्रकार नेहरू ने आधुनिक भारत का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि नेहरू का सपना ऐसा भारत बनाने का था, जहां बच्चे तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और औद्योगिक विकास को देश की प्रगति का आधार बताया।
वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि समाज में अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा शासन व्यवस्था “अंग्रेजों के दौर जैसी दमनकारी” होती जा रही है। उन्होंने कहा कि असहमति की आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। नेहरू की विचारधारा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक दोनों प्रकार के सांप्रदायिकता को राष्ट्र के लिए गंभीर खतरा मानते थे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व राज्यसभा टीवी कार्यकारी निदेशक राजेश बादल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उनकी डॉक्यूमेंट्री ‘युग पुरुष नेहरू’ का प्रदर्शन भी किया गया। राजेश बादल ने कहा कि विभाजन और हिंसा से जूझ रहे भारत को नेहरू ने शांति, सद्भाव और विकास की दिशा में आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने वैज्ञानिक और औद्योगिक विकास के जरिए आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी।राजेश बादल ने दावा किया कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने मृत्यु से पूर्व एक साक्षात्कार में भारत आकर नेहरू से माफी मांगने और मुंबई में दफन होने की इच्छा जताई थी।
कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश की पहली सरकार का बजट मात्र 197 करोड़ रुपये था, जबकि आज छोटे नगर निगमों का बजट भी इससे अधिक है। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा सहयोग से इनकार किए जाने के बाद नेहरू ने सोवियत संघ की मदद से इस्पात संयंत्र स्थापित कर औद्योगिक विकास को गति दी।
‘युगपुरुष गांधी’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पत्रकार, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले दिग्विजय सिंह ने रोशनपुरा चौराहे स्थित नेहरू प्रतिमा तथा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के राजीव गांधी सभागार में पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण, लोकतंत्र, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक सद्भाव में नेहरू के योगदान को याद किया।
