
बस जब्त, एफआईआर दर्ज, 4 आरोपित गिरफ्तार…*
नवभारत,न्यूज
दमोह. जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के इमलिया चौकी के अधरोटा-टोरी मार्ग के बीच सोमवार सुबह एक बस में बैठकर पेपर देने जा रही दो छात्राओं के साथ छेड़खानी के प्रयास का मामला सामने आया है. घबराई छात्राओं ने पहले बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब बस नहीं रोकी गई, तो दोनों ने चलती बस से छलांग लगा दी. आरोपित बस को लेकर वहां से फरार हो गए. दोनों छात्राओं ने अपने परिजनों को फोन लगाया. इसके बाद उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया है. छात्राओं के सिर में चोट आई है. दोनों अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती है. उधर तेजगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक पटैल सहित पुलिस ने बस के आरोपितों में से 4 को फिरहार गिरफ्तार कर लिया है और एक की तलाश की जा रही है. बस को भी जब्त कर लिया गया है,कक्षा नवमीं की छात्रा ने बताया कि वह अपने गांव से टोरी सरकारी स्कूल में मैथ्स का पेपर देने जा रही थी. जिस बस से वह रोज आना-जाना करती थी वह बस सोमवार को नहीं आई थी.एक नई बस उन्हें मिली जिसमें वह बैठ गई. बस पूरी तरह खाली थी. उसमें ड्राइवर सहित चार लोग स्वार थे, कुछ दूर चलने के बाद जब हमने बस के कंडक्टर को किराया दिया तो उसने किराया लेने से मना कर दिया और अचानक उसने बस के दरवाजे बंद कर दिए. एक आरोपित हमें बुरी नजर से घूर रहा था और गंदे कमेंट करने लगा. हमने बस को रुकवाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने बस नहीं रोकी. डर के मारे हम दोनों बहने एक के बाद एक चलती बस से कूद गए. आरोपित वहां से बस लेकर चले गए जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया. जहां एएसपी संदीप मिश्रा, डीएसपी भावना दांगी और कोतवाली टीआई आनंद राज, महिला सब इंस्पेक्टर शिवांगी गर्ग, चौकी प्रभारी जबलपुर नाका आनंद कुमार सहित पुलिस भी पहुंच गई और छात्राओं से जानकारी ली.
*थाना प्रभारी ने बताया*
तेजगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की थी. बस को और बस में सवार तीन आरोपितो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एक आरोपी की तलाश की जा रही है. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि बस कहां की है और कहां जा रही थी. सभी आरोपियों को पकड़ने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी और फिर उसके बाद छात्राओं से घटनाक्रम का सत्यापन कराया जाएगा.
