आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक की साप्ताहिक जनसुनवाई में 98 प्रकरणों पर हुई सुनवाई

झाबुआ। आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ, *श्री देवेन्द्र पाटीदार* द्वारा *प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियमित साप्ताहिक जनसुनवाई* का आयोजन किया जा रहा है। इस सराहनीय पहल के माध्यम से जिले के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले पीड़ित व फरियादी सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं और शिकायतें साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न अंचलों से कुल 98 शिकायतकर्ता अपनी फरियाद लेकर पहुंचे, जिनकी बातों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।

 

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जमीनी विवाद, पारिवारिक, आपसी लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, महिलाओं से संबंधित प्रकरण तथा अन्य सामाजिक एवं आपराधिक मामलों से जुड़े आवेदन शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ सुना। उन्होंने प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधीनस्थ अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

 

इस दौरान कई संवेदनशील मामलों में पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर ही समस्याओं के समाधान के प्रयास किए गए, जिससे दूर-दराज से आए फरियादियों में संतोष और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास का भाव देखा गया। विशेष रूप से महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी श्री पाटीदार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े हर प्रकरण में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

जिन जटिल शिकायतों का मौके पर तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को अग्रेषित कर निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकृत कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की बात कही गई। झाबुआ पुलिस आमजन की समस्याओं के निराकरण और जनता में सुरक्षा व विश्वास के भाव को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा साप्ताहिक जनसुनवाई का यह क्रम भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।

Next Post

ननि जनसुनवाई: विवाद सुलझे, चेहरों पर लौटी मुस्कान

Tue Jun 23 , 2026
जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय और सभी संभागीय कार्यालयों में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई नागरिकों के लिए राहत भरी साबित हुई। मुख्यालय में आयोजित सुनवाई के दौरान अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी ने लगातार दो घंटे तक नागरिकों की समस्याओं को सुना और प्राप्त सभी 59 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश […]

You May Like