
छिंदवाड़ा। तामिया वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चौरा पठार में तेंदुए की मूवमेंट देखी गई है। शुक्रवार की देर रात तेंदुए ने 5 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। उक्त बात की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और उन्होंने ग्रामीणों से अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थन पर रखने की सलाह दी। तेदुंए के हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी तामिया के अनुसार तेंदुए की गतिविधियां लगातार ट्रैक की जा रही हैं। ग्रामीणों से कहा गया है कि वन क्षेत्र की ओर अनावश्यक आवाजाही न करें। ब’चों को अकेले बाहर न जाने दें। रात्रि और सुबह के समय विशेष सावधानी बरतें। छोटे ब’चों और मवेशियों को सुरक्षित रूप से घर में ही रखें। वन विभाग का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीवों का रिहायशी क्षेत्रों की ओर आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। तामिया क्षेत्र में इसके साथ-साथ पूर्व में भी तेंदुए की मौजूदगी सामने आ चुकी है। इससे पहले भी बीते वर्षों में चौरा पठार, आसपास के जंगलों और सीमावर्ती गांवों में तेंदुए के देखा गया है। तेंदुए ने मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। उस दौरान भी वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। वही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए थे।
