
सीहोर। रविवार को भी शाम घिरते ही आसमान पर बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं. इस दौरान मामूली बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया, हालांकि उमस ने जरूर लोगों को बेहाल किया.
अप्रैल माह की तरह मई में भी गर्मी के तेवर उग्र बने हुए हैैं. सुबह से ऐसा प्रतीत होता है मानो आसमान से आग बरस रही हो. दोपहर में तो लोगों को भीषण व असहनीय गर्मी से दो चार होना पड़ रहा है.दोपहर में तो तीखी धूप से बचने के लिए लोग घरों में ही दुबके रहते हैं, लेकिन दो दिन से मौसम का नया रूप देखने को मिल रहा है. रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों सहित शाम को आए मौसम में बदलाव के चलते तेज हवाएं चलीं और मामूली बूंदाबांदी का सिलसिला भी बना रहा.
आरएके कृषि महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर का कहना है कि आगामी 7 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा. रोजाना मामूली से मध्यम बारिश होगी. रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री था जबकि रात का न्यूनतम तापमान बादलों के कारण 25 डिग्री पर रहा. हालांकि दिन में बदले मौसम के कारण तापमान छह डिग्री तक लुढ़ककर 35 पर आ गया था.
