नयी दिल्ली, 03 जनवरी (वार्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने शनिवार को वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी आक्रमण को “स्पष्ट अमेरिकी आक्रामकता” बताते हुए कड़ी निंदा की। पार्टी के पोलित ब्यूरो के यहां जारी एक बयान में कहा गया कि इस सैन्य कार्रवाई ने दिसंबर के शुरू में घोषित अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2025 के “असली चेहरे” को उजागर किया है। पार्टी वेनेजुएला में विभिन्न स्थानों पर बमबारी करके अमेरिकी आक्रामकता की स्पष्ट कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है। बयान में संप्रभु राष्ट्रों में विदेशी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध दोहराया गया।
माकपा ने हमले को तत्काल रोकने की मांग करते हुए, अमेरिका से कैरिबियन सागर से सभी अपनी सेनाओं को वापस बुलाने की मांग की। पार्टी ने कहा कि अमेरिका को “संप्रभु देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने दिया जाना चाहिए।” पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दृढ़ रुख अपनाने की अपील की और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अमेरिकी कार्रवाई की निंदा करने वाला प्रस्ताव पारित करने की मांग की। बयान में कहा गया, “अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय दबाव डाला जाना चाहिए ताकि वह वेनेजुएला पर अपनी आक्रामकता तत्काल रोके।”

