हिंडाल्को का तिमाही मुनाफा 66 प्रतिशत बढ़कर 5284 करोड़ पर

मुंबई, 20 मई (वार्ता) आदित्य बिड़ला समूह की धातु क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 5284 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 66 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि मार्च 2025 को समाप्त तिमाही में हिंडाल्को का समेकित ईबीआईटीडीए 43 प्रतिशत बढ़कर 10 हजार 296 करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय भी 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 64 हजार 890 करोड़ रुपये हो गई। चौथी तिमाही के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत हिंडाल्को ने पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में 16,002 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड वार्षिक शुद्ध लाभ कमाया, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 58 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष के दौरान समेकित ईबीआईटीडीए 38 प्रतिशत बढ़कर 35 हजार 496 करोड़ रुपये रहा जबकि कुल राजस्व 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 238496 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

हिंडाल्को के प्रबंध निदेशक सतीश पई ने कहा, “वित्त वर्ष 25 में हिंडाल्को ने अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन किया है। यह हमारी परिचालन क्षमता, लागत नियंत्रण और विभिन्न व्यवसाय क्षेत्रों में निरंतर गति का परिणाम है।”

भारत में हिंडाल्को के एल्युमीनियम अपस्ट्रीम कारोबार ने 16,262 करोड़ रूपये का ईबीआईटीडीए कमाया, जो 78 प्रतिशत अधिक है। एल्युमीनियम डाउनस्ट्रीम ने भी 633 करोड़ रुपये के ईबीआईटीडीए के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसी तरह कॉपर कारोबार ने 3025 करोड़ रुपये का ईबीआईटीडीए दर्ज किया, जो 16 प्रतिशत अधिक है। अमेरिकी सहायक कंपनी नोवेलिस ने पूरे साल में 68.3 करोड़ डॉलर का शुद्ध लाभ कमाया, जिसमें चौथी तिमाही में 77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 29.4 करोड़ डॉलर का मुनाफा शामिल है।

हिंडाल्को के निदेशक मंडल ने पांच रुपये प्रति शेयर (500 प्रतिशत) के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जो पिछले वर्ष के 3.5 रुपये प्रति शेयर से 43 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने अपने वित्तीय प्रदर्शन को और मजबूत करते हुए ईबीआईटीडीए के लिए शुद्ध ऋण अनुपात घटाकर 1.06 गुना कर दिया है।

कंपनी ने अपने विस्तार योजनाओं में मीनाक्षी कोल ब्लॉक, तांबा गलाने की क्षमता बढ़ाने, ई-कचरा रीसाइक्लिंग और वैल्यू-एडेड एल्यूमिना पर निवेश को अहम बताया है। इसके अलावा, डॉव जोन्स सस्टेनेबिलिटी इंडेक्स में लगातार पांचवीं बार दुनिया की सबसे टिकाऊ एल्युमीनियम कंपनी का दर्जा हासिल कर हिंडाल्को ने अपनी वैश्विक साख को और मजबूत किया है।

Next Post

मुनाफावसूली से बाजार में कोहराम

Tue May 20 , 2025
मुंबई, 20 मई (वार्ता) विश्व बाजार में तेजी के बावजूद स्थानीय स्तर पर ऊंचे भाव पर हुई चौतरफा भारी मुनाफ़ावसूली से आज शेयर बाजार में कोहराम मच गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 872.98 अंक अर्थात 1.06 प्रतिशत का गोता लगाकर तीन कारोबारी सत्र के बाद 82 […]

You May Like