
भोपाल। राजधानी की बहुप्रतीक्षित मेट्रो अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। मेट्रो के कमर्शियल रन की तारीख तय होने से पहले कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) का अहम दौरा होने वाला है। सूत्रों के अनुसार, सीएमआरएस के मुख्य आयुक्त एस.के. गर्ग आगामी दिनों में भोपाल आएंगे और उनकी ओके रिपोर्ट मिलते ही भोपाल मेट्रो के संचालन की तारीख तय हो जाएगी।
इस दौरे को मेट्रो के कमर्शियल रन से पहले की अंतिम औपचारिकता माना जा रहा है। सीएमआरएस की दो टीमें पहले ही भोपाल पहुंचकर प्रारंभिक निरीक्षण कर चुकी हैं। अब मुख्य निरीक्षण गर्ग स्वयं करेंगे। उनका यह दौरा एक दिन का होगा, जिसमें वे मेट्रो के डिपो, ट्रैक, स्टेशन सुविधाएं और सुरक्षा मानकों की जांच करेंगे।
सितंबर में गर्ग पहले भी सुभाषनगर स्थित डिपो और 6.22 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर का निरीक्षण कर चुके हैं। वे मेट्रो ट्रेन में सवार हुए थे और एम्स व सुभाषनगर स्टेशन पर करीब दो घंटे तक विभिन्न तकनीकी बिंदुओं की जांच की थी।
हाल ही में 15-16 अक्टूबर को सीएमआरएस की तीन सदस्यीय टीम ने प्रायोरिटी कॉरिडोर के आठों स्टेशन सुभाषनगर, केंद्रीय विद्यालय, डीबी मॉल, एमपी नगर, आरकेएमपी, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स—का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा और सिग्नलिंग सिस्टम की समीक्षा की गई।
माना जा रहा है कि यदि इस बार सीएमआरएस की रिपोर्ट संतोषजनक रहती है, तो मेट्रो के संचालन में कोई तकनीकी बाधा नहीं बचेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मेट्रो का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रण भेजा जाएगा।
