बूथ चलो, गाँव चलो अभियान के तहत विदिशा में कांग्रेस ग्राम पंचायत समितियों का गठन

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में प्रदेशभर में चल रहे ‘बूथ चलो, गाँव चलो’ अभियान के तहत शुक्रवार को विदिशा जिले की ठर और अहमदपुर पंचायतों में ग्राम पंचायत कांग्रेस समितियों का गठन किया गया।

इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि जब तक गाँव स्तर पर कांग्रेस मजबूत नहीं होगी, तब तक प्रदेश भी मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने और आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनने का माध्यम है।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी प्रभु सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी, विदिशा विधानसभा प्रभारी विष्णु विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव आनंद प्रताप सिंह एवं मनोज कपूर, पूर्व विधायक निशंक जैन, सिरोंज विधानसभा प्रत्याशी गगनेंद्र रघुवंशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

किसान–मजदूर चौपाल को संबोधित करते हुए पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी योजना, जिसने करोड़ों मजदूरों को रोजगार की गारंटी दी थी, उसे कमजोर कर दिया गया है और मजदूरों को धर्म के नाम पर ठगा जा रहा है। किसानों से चर्चा के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी आवाज नहीं सुनी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पटवारी ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण संस्थाओं को कमजोर कर महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही नए प्रावधानों के जरिए मतदान अधिकारों पर संदेह पैदा कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव और हर बूथ तक पहुंचकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें और संगठन को मजबूती प्रदान करें।

Next Post

मप्र काव्य धारा मंच ने अनूठे अंदाज में किया नववर्ष का स्वागत

Fri Jan 2 , 2026
ग्वालियर। मध्यप्रदेश काव्य धारा मंच ने नववर्ष का स्वागत अनूठे अंदाज में पाटणकर बाजार में एक निजी होटल में कवि सम्मेलन व मिलन समारोह आयोजित कर किया। कार्यक्रम सेठ सोहनलाल खंडेलवाल की अध्यक्षता एवं जितेंद्र सिंह जायसवाल मुख्य अतिथि रहे। डॉ. सुरेश सम्राट, विजय सेठी अकेला के विशिष्ट आतिथ्य एवं […]

You May Like