
डिंडौरी। जिले के वन परिक्षेत्र करंजिया अंतर्गत वनग्राम बांग्ला दादर में सोमवार को देर रात हाथियों का आतंक सामने आया। छत्तीसगढ़ से भटककर आया एक नर हाथी गांव में घुस आया और उसने एक ग्रामीण को बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार बांग्ला दादर निवासी भदरू पिता शंकर उम्र 60 वर्ष अपने झोपड़ीनुमा घर में सो रहे थे। आधी रात को अचानक मवेशियों की आहट सुनकर वह बाहर निकले। तभी सामने खड़ा हाथी उन पर टूट पड़ा और अपनी सूंड से उन्हें उठा कर करीब पांच मीटर दूर पटक दिया। घटना में भदरू गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए और किसी तरह घायल को झोपड़ी से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों ने 100 डायल और 108 एम्बुलेंस को भी बुलाने की कोशिश की, लेकिन समय पर वाहन उपलब्ध न हो पाने से घायल को वन विभाग ने प्राइवेट वाहन से करंजिया अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया।
