बंद कमरे से युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, चूहों ने जगह-जगह से कुतर डाली थी मृत देह

सलामतपुर। राजीव नगर बस्ती के एक बंद कमरे में युवक का क्षत विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव लगभग तीन से चार दिन पुराना लग रहा है और शव को चूहों ने जगह जगह से कुतर कर खा लिया है। आसपास के घरों में बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस को रियाज़ अली पिता रफ्फु अली शाह निवासी राजीवनगर ने सूचना दी। मौके पर पहुंची सलामतपुर पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। कमरा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस कमरे के पीछे बनी खिड़की से अंदर घुसी तो युवक का क्षत विक्षत शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। शव की शिनाख्त मुकेश पंथी पिता पूरन पंथी उम्र 45 वर्ष निवासी मरखेड़ा गांव थाना नटेरन जिला विदिशा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश पंथी यहां पर किराए से रहता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सांची सिविल अस्पताल भेजा लेकिन वहां पर युवक का शव क्षत विक्षत होने के कारण पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया गया। शव को विदिशा के मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पुलिस ने फिलहाल मर्ग का मामला कायम कर विवेचना में लिया है। लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

4 साल से सलामतपुर में रहकर कर रहा था मजदूरी–

मृतक मुकेश पंथी के पिता पूरन पंथी ने बताया कि उनके दो लड़के हैं और मुकेश बड़ा लड़का था। वह मरखेड़ा गांव से लगभग 4 साल पहले चला गया था। उसके बाद से उनका कभी उससे संपर्क नही हुआ। वहीं उन्होंने बताया कि मुकेश की 25 साल पहले शादी हो गई थी। उसकी पत्नी की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है।

पत्नी ने कुल्हाड़ी मारकर मुकेश को किया था घायल–

मृतक के पिता पूरन पंथी ने बताया कि एक बार पति पत्नी के आपसी विवाद में पत्नी ने मुकेश को कुल्हाड़ी से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पत्नी को लंबे समय तक जेल में भी रहना पड़ा था। बाद में दोनों का समझौता हो जाने पर मामला शांत हुआ था।

इनका कहना है।

राजीवनगर के एक बंद कमरे से लगभग 3 से 4 दिन पुराना शव मिला है। शव की शिनाख्त हो चुकी है। युवक यहां पर किराए के कमरे में रहता था और मजदूरी करता था। शुक्रवार को विदिशा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर

Next Post

प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में आंध्र प्रदेश के 16 मछुआरे गिरफ्तार

Fri Jan 2 , 2026
केंद्रपाड़ा, 02 जनवरी (वार्ता) ओडिशा के गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य के कर्मचारियों ने पिछले 24 घंटों के दौरान अभयारण्य के ‘नो फिशिंग जोन’ में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में आंध्र प्रदेश के 16 मछुआरों को गिरफ्तार कर दो ट्रॉलर जब्त किये हैं। अभयारण्य के रेंजर कपिलेंद्र प्रधान ने […]

You May Like