
इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र की घटना को लेकर एसीएस की रिपोर्ट पर इंदौर नगर निगम में पदस्थ अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को हटा दिया है। साथ ही आयुक्त और अपर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रभारी अधीक्षण यंत्री से सिर्फ प्रभार छीना गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसीएस संजय दुबे को इंदौर भेजकर भागीरथपुरा क्षेत्र की रिपोर्ट बुलाई गई थी। कल एसीएस दुबे ने भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी और अधिकारियों की लापरवाही करने की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
रिपोर्ट के आधार पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने आयुक्त दिलीप कुमार यादव और अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ मुख्य सचिव ने अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया का तबादला भोपाल उप सचिव पद पर करने के आदेश दिए है। नगर निगम के प्रभारी अधीक्षण यंत्री संजीव श्रीवास्तव पर कोई कारवाई नहीं की गई, बल्कि सिर्फ प्रभार छीना गया है। श्रीवास्तव शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के प्रभारी थे, लेकिन निलंबन जैसी कारवाई नहीं होना , सवाल खड़े करता है।
मुख्य सचिव ने नगर निगम इंदौर में अपर आयुक्त पद पर तीन अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश भी जारी किए है। इनमें आईएएस आकाश सिंह और प्रखर सिंह तथा राज्य सेवा के आशीष पाठक को नगर निगम में पदस्थ किया है। तीनों अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए हैं।
