इटारसी। जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती इटारसी स्थित कांग्रेस कार्यालय में मनाई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे ने कहा कि गांधीजी की अहिंसा की शिक्षा और सभी धर्मों के सम्मान का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी गांधी-शास्त्री के जीवन और देशहित में उनके योगदान को याद किया।
समारोह के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सुरेश मालवीय और अर्जुन ठाकुर का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अजय शुक्ला, ओम सेन, नंदू वर्मा, रजनीकांत सोनकर, गजानन तिवारी, धर्मदास मिहानी, प्रदीप पहलवान, सीमा भदोरिया, नेहा चावरे, सविता बस्तरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष पांडे अपने साथियों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दादा करण सिंह तोमर के निवास पहुंचे और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
